Prime Minister's Office Text of PM's address at the launch of various development projects in Purnea, Bihar Posted On: 15 SEP 2025 7:26PM by PIB Delhi भारत माता की जय। भारत माता की जय। राज्यपाल श्री आरिफ़ मोहम्मद खान जी, हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी, यहाँ मंच पर बैठे अन्य महानुभाव, मेरे प्यारे भाइयों एवं बहनों! अहाँ सबकै परनाम करे छियै। पूर्णिया मां पूरण देवी भक्त प्रहलाद, महर्षि मेहीं बाबा के कर्मस्थली छियै ई धरती पर फनीश्वरनाथ रेणु आरो सतीनाथ भादुड़ी जैइसन उपन्यासकार पैदा लेलकै। ई विनोबा भावे जैइसन कर्मयोगियों की कर्मस्थली छियै ई धरती के हम्में बार बार परनाम करई छियै सबसे पहले मैं आप सबकी क्षमा मांगता हूं, कोलकाता में, मेरे कार्यक्रम में थोड़ा समय ज्यादा गया, और उसके कारण मुझे यहां पहुंचने में विलंब हुआ, उसके बावजूद भी इतनी बड़ी तादाद में आप लोग हमें आशीर्वाद देने के लिए आए, इतने लंबा समय रुके हैं, मैं आपका बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं, और विलंब से आने के लिए मैं फिर एक बार जनता-जनार्दन के चरणों में क्षमा याचना करता हूं। साथियों, आज यहाँ बिहार के विकास के लिए करीब 40 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। रेल, एयरपोर्ट, बिजली, पानी से जुड़ी ये परियोजनाएं, सीमांचल के सपनों को पूरा करने का माध्यम बनेंगी। आज यहाँ 40 हजार से ज्यादा लाभार्थियों को पीएम-आवास योजना के तहत पक्का घर भी मिला है। इन 40 हजार परिवारों के जीवन में आज एक नई शुरुआत हुई है। धनतेरस से पहले, दीवाली से पहले, और छठ पूजा से पहले, अपने पक्के घर में गृहप्रवेश बहुत सौभाग्य से होता है। मैं इन परिवारों को बधाई देता हूं, शुभकामनाएँ देता हूँ। साथियों, आज का ये अवसर मेरे उन बेघर भाइयों और बहनों को भरोसा देने का भी है। एक दिन उनको भी पक्का घर मिलेगा, ये मोदी की गारंटी है। हमारी सरकार ने पिछले 11 साल में 4 करोड़ से ज्यादा पक्के घर बनाकर गरीबों को दिए हैं। अब हम तीन करोड़ नए घर बनाने का काम कर रहे हैं। जब तक हर गरीब को पक्का घर नहीं मिल जाता, मोदी रुकने या थमने वाला नहीं है। पिछड़े को प्राथमिकता, गरीब की सेवा, यही मोदी का लक्ष्य है। साथियों, आज सर एम. विश्वेश्वरैया जी की याद में हम इंजीनियर्स-डे मनाते हैं। विकसित भारत, विकसित बिहार के निर्माण में इंजीनियर्स की बहुत बड़ी भूमिका है। मैं देश के सभी इंजीनियर्स को आज के दिन की बहुत-बहुत बधाई देता हूं, अपनी शुभकामनाएं देता हूं। इंजीनियर्स का परिश्रम, उनका कौशल, आज के इस कार्यक्रम में भी दिख रहा है। पूर्णिया एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग, रिकॉर्ड पांच महीने से भी कम समय में बनाई गई है। आज इस टर्मिनल का लोकार्पण हुआ है, पहली कमर्शियल फ्लाइट को हरी झंडी भी दिखाई गई है। और हमारे एविएशन मिनिस्टर श्रीमान नायडू जी भी हमारे बीच हैं, उनके लिए भी जरा ताली बजाइए, यहीं से हवाई जहाज उड़ा रहे हैं वो। नए एयरपोर्ट की वजह से अब पूर्णिया देश के एविएशन मैप पर आ गया है। अब देश के बड़े शहरों से, बड़े व्यापारिक केन्द्रों से पूर्णिया और सीमांचल की सीधी कनेक्टिविटी होगी। साथियों, NDA सरकार द्वारा इस पूरे क्षेत्र को आधुनिक हाइटेक रेल सेवाओं से भी जोड़ा जा रहा है। आज भी मैंने वंदेभारत, अमृत भारत, पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई है। आज अररिया–गलगलिया नई रेल लाइन का उद्घाटन हुआ है। विक्रमशिला–कटरिया नई रेल लाइन का शिलान्यास भी किया गया है। साथियों, कुछ दिन पहले ही भारत सरकार ने एक और बड़ा निर्णय लिया है। बक्सर–भागलपुर हाई-स्पीड कॉरिडोर के मोकामा–मुंगेर सेक्शन को मंजूरी दे दी है। इससे मुंगेर–जमालपुर–भागलपुर जैसे इंडस्ट्रियल हब को बहुत फायदा होगा। सरकार ने भागलपुर–दुमका–रामपुरहाट रेल लाइन के दोहरीकरण को भी मंजूरी दे दी है। साथियों, देश के विकास के लिए बिहार का विकास जरूरी है। और बिहार के विकास के लिए पूर्णिया और सीमांचल का विकास जरूरी है। आरजेडी और कांग्रेस की सरकारों के कुशासन का बहुत बड़ा नुकसान इसी क्षेत्र को उठाना पड़ा है। लेकिन अब NDA सरकार स्थिति बदल रही है। अब ये क्षेत्र, विकास के फोकस में है। साथियों, बिजली के क्षेत्र में भी बिहार को आत्मनिर्भर बनाने का काम चल रहा है। यहाँ भागलपुर की पीरपैंती में 24 सौ मेगावाट के थर्मल पावर प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया गया है। साथियों, बिहार की डबल इंजन की सरकार यहां के किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। आज कोसी-मेची इंट्रा-स्टेट रिवर लिंक प्रोजेक्ट के पहले फेज का शिलान्यास भी हुआ है। इससे ईस्टर्न कोसी मेन कैनाल का विस्तार होगा। इससे लाखों हेक्टेयर भूमि की सिंचाई में सुविधा होगी, और बाढ़ की चुनौती से निपटने में भी आसानी होगी। साथियों, बिहार के किसानों के पास आय का एक साधन मखाने की खेती भी रहा है। लेकिन, पिछली सरकारों ने मखाने की भी उपेक्षा की, और मखाना किसानों की भी उपेक्षा की। और मैं दावे से कहता हूं, ये जो आजकल यहां आकर के चक्कर काटते हैं ना, उन्होंने मेरे आने से पहले मखानों का नाम भी नहीं सुना होगा। ये हमारी सरकार है, जिसने मखाने को प्राथमिकता दी है। साथियों, मैंने बिहार के आप लोगों से राष्ट्रीय मखाना बोर्ड के गठन का वायदा किया था। केंद्र सरकार ने कल ही राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की स्थापना के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। मखाना किसानों को मखाने की अच्छी कीमत मिले, टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड इसके लिए निरंतर काम करेगा। मखाना सेक्टर के विकास के लिए हमारी सरकार ने करीब पौने पाँच सौ करोड़ रुपए की योजना को मंजूर किया है। साथियों, बिहार के विकास की ये गति, बिहार की ये प्रगति, कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है। जिन लोगों ने दशकों तक बिहार का शोषण किया, इस मिट्टी को धोखा दिया, आज वो ये मानने को तैयार ही नहीं कि बिहार भी नए कीर्तिमान बना सकता है। आप देखिए, बिहार के हर क्षेत्र में हजारों करोड़ रुपए के development प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। बिहार के राजगीर में हॉकी का एशिया कप जैसा बड़ा आयोजन हुआ, औंटा-सिमरिया पुल जैसे ऐतिहासिक निर्माण कार्य बिहार में हुए, मेड इन बिहार रेल इंजन, अफ्रीका तक एक्सपोर्ट होकर जा रहे है, लेकिन ये सब काँग्रेस और आरजेडी वालों को पच नहीं रहा है। बिहार जब भी आगे बढ़ता है, ये लोग बिहार का अपमान करने में जुट जाते हैं। अभी आपने देखा होगा, आरजेडी की सहयोगी, काँग्रेस पार्टी सोशल मीडिया पर बिहार की तुलना बीड़ी से कर रही है। इन लोगों को बिहार से इतनी नफरत है, इन लोगों ने घोटाले और भ्रष्टाचार करके बिहार की साख को बहुत नुकसान पहुंचाया। अब बिहार को विकास करते देखकर कांग्रेस- आरजेडी ने फिर बिहार को बदनाम करने की ठान ली है। भाइयों-बहनों, ऐसी मानसिकता वाले लोग कभी बिहार का भला नहीं कर सकते। जिन लोगों को अपनी तिजोरी भरने की चिंता रही हो, वो गरीब के घर की चिंता क्यों करें। कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने माना था कि कांग्रेस सरकार 100 पैसा भेजती है, तो 85 पैसा बीच में ही लुट जाता है। आप मुझे बताइए, कांग्रेस-आरजेडी की सरकार में सीधे गरीब के खाते में पैसे आ पाते थे? लालटेन जला करके वो पैर-पंजा उस पैसों को हाथ मारता था, और 85 पैसे मार लेते थे। कोरोना के बाद से ही हर गरीब को मुफ्त राशन मिल रहा है। क्या कांग्रेस-RJD की सरकार में आपको मुफ्त अनाज मिल पाता क्या? आज आयुष्मान योजना की वजह से हर गरीब को 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा है। जिन लोगों ने आपके लिए अस्पताल तक नहीं बनवाए, वो आपको मुफ्त इलाज की सुविधा, मैं आपसे पूछना चाहता हूं? क्या ये मुफ्त इलाज की सुविधा दे पाते क्या? आपकी चिंता कर सकते क्या? साथियों, काँग्रेस और आर���ेडी से न केवल बिहार के सम्मान को खतरा है, बल्कि बिहार की पहचान को भी खतरा है। आज सीमांचल और पूर्वी भारत में घुसपैठियों के कारण डेमोग्राफी का कितना बड़ा संकट खड़ा हो चुका है। बिहार, बंगाल, असम, कई राज्यों के लोग अपनी बहनों-बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। इसलिए ही मैंने लालकिले से डेमोग्राफी मिशन की घोषणा की है। लेकिन वोटबैंक का स्वार्थ देखिए, काँग्रेस-आरजेडी और उसके ecosystem के लोग घुसपैठियों की वकालत करने में जुटे हैं, उन्हें बचाने में लगे हैं, और बेशर्मी के साथ विदेश से आए घुसपैठियों को बचाने के लिए ये नारे लगा रहे हैं, यात्राएं निकाल रहे हैं। ये लोग बिहार और देश के संसाधन और सुरक्षा दोनों को दांव पर लगाना चाहते हैं। लेकिन आज पूर्णिया की इस धरती से, मैं इन लोगों को एक बात अच्छी तरह समझाना चाहता हूं, ये आरजेडी-कांग्रेस वालों की जमात, जरा कान खोलके मेरी बात सुन लो, जो भी घुसपैठिया है, उसे बाहर जाना ही होगा। घुसपैठ पर ताला लगाना, एनडीए की पक्की जिम्मेदारी है। जो नेता बचाव में खड़े हैं, जो घुसपैठियों को बचाने के लिए मैदान में आ गए हैं, मैं जरा उनको चुनौती देता हूं। आप घुसपैठियों को बचाने में चाहे जितना जोर लगा लें, हम घुसपैठियों को हटाने के संकल्प पर काम करते रहेंगे। जो लोग घुसपैठियों की ढाल बनते हैं, वो सुन लें, भारत में भारत का कानून चलेगा, घुसपैठियों की मनमानी नहीं चलेगी। ये मोदी की गारंटी है- घुसपैठियों पर कार्रवाई भी होगी और देश इसका अच्छा परिणाम भी देखकर रहेगा। घुसपैठ के समर्थन में कांग्रेस-आरजेडी वाले जो विषय उछाल रहे हैं, बिहार और देश की जनता उन्हें बहुत करारा जवाब देने जा रही है। साथियों, काँग्रेस और आरजेडी बीते दो दशक से बिहार की सत्ता से बाहर हैं। और निसंदेह इसमें सबसे बड़ी भूमिका बिहार की मेरी माताओं-बहनों की है, मैं बिहार की माताओं-बहनों को विशेष प्रणाम करता हूं आज। आरजेडी के दौर में खुलेआम हत्या, बलात्कार और फिरौती जैसे अपराधों की सबसे बड़ी भुक्तभोगी बिहार की मेरी माताएं-बहनें, यहां की महिलाएं ही थीं। डबल इंजन सरकार में वही महिलाएं लखपति दीदी और ड्रोन दीदी बन रही हैं, ड्रोन दीदी बनाने का काम आज हम कर रहे हैं। सेल्फ हेल्प ग्रुप्स के जरिए महिलाएं इतनी बड़ी क्रांति कर रही हैं। खासकर नीतीश जी के नेतृत्व में यहां जीविका दीदी अभियान की सफलता तो अभूतपूर्व रही है, पूरे देश के लिए बिहार प्रेरणा है। साथियों, आज भी यहां लगभग 500 करोड़ रुपए का कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड हमारी इन बहनों के लिए जारी किया गया है, 500 करोड़ रूपया। ये राशि क्लस्टर लेवल फेडरेशन्स तक पहुँचेगी, जहां से गांव-गांव के स्वयं सहायता समूहों को ताकत मिलेगी। इससे महिलाओं को अपना सामर्थ्य बढ़ाने का अवसर मिलेगा। साथियों, आरजेडी और कांग्रेस के लिए सिर्फ अपने परिवार की चिंता ही सबसे बड़ा काम है। ये लोग कभी आपके परिवार की चिंता नहीं करेंगे। लेकिन मोदी के लिए आप सब ही मोदी का परिवार हैं। और इसलिए मोदी कहता है- ‘सबका साथ, सबका विकास’। और ये लोग क्या करते है, उनके परिवार का साथ, और उनके परिवार का विकास। इसलिए भाइयों-बहनों, मोदी आपके खर्च की चिंता करता हैं, आपके बचत की चिंता करता है। आने वाले दिनों में कई पर्व और त्योहार आने वाले हैं। इस बार दीवाली और छठ से पहले हमारी सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग के लिए एक बहुत बड़ा उपहार दिया है। आज 15 सितंबर है, अब से ठीक हफ्ते बाद नवरात्र का पहला दिन आएगा, और उसी दिन 22 सितंबर से देश में GST एकदम कम हो जाएगी। देश में आपकी रोजमर्रा की जरूरतों की ज़्यादातर चीजों पर GST में बड़ी कमी की गई है। यहां आई मेरी माताओं-बहनों को मैं खास तौर पर बताना चाहता हूं, GST कम होने से माताओं-बहनों का रसोई का खर्च, बहुत कम होने वाला है। मंजन, साबुन, शैंपू से लेकर घी और खाने की कई चीजें सस्ती हो जाएंगी। बच्चों की पढ़ाई में काम आने वाली स्टेशनरी की कीमत घट जाएगी। त्योहार में इस बार बच्चों के लिए नए कपड़े और जूते खरीदना भी आसान हो जाएगा, क्योंकि ये भी सस्ते होने वाले हैं। जब गरीब की चिंता करने वाली सरकार होती है, तो ऐसे ही गरीबों की भलाई के काम करती है। साथियों, आजादी की लड़ाई में पूर्णिया की संतानों ने अंग्रेजों को भारत की ताकत दिखाई थी, आज एक बार फिर ऑपरेशन सिंदूर में हमने देश की वही ताकत, दुश्मन को दिखाई है। और इसकी रणनीति में पूर्णिया के जांबाज बेटे की भी बड़ी भूमिका रही है। देश की रक्षा हो या फिर देश का विकास, देश की इस प्रगति में बिहार की बहुत बड़ी भूमिका है। हमें बिहार के विकास अभियान को इसी तरह गति देनी है। मैं एक बार फिर सभी विकास परियोजनाओं के लिए बिहार के मेरे भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। नीतीश जी के नेतृत्व का अभिनंदन करता हूं, आप सबको बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। मेरे साथ पूरी ताकत से बोलिए- भारत माता की जय। भारत माता की जय। भारत माता की जय। बहुत-बहुत धन्यवाद। *** MJPS/VJ/RK (Release ID: 2166912)
Loading page, please wait…